#अव्यवस्था
June 7, 2026
HRTC का गजब कारनामा! महिला कर्मचारी को रिटायर करना भूला विभाग, बाद में चुपचाप भेजा घर
गुपचुप तरीके से महिला कर्मचारी को किया सेवामुक्त
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम यानी HRTC के धर्मशाला डिपो से प्रशासनिक लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला कर्मचारी अपनी निर्धारित सेवानिवृत्ति तिथि पार होने के बाद भी करीब दो महीने तक नियमित रूप से ड्यूटी करती रही, लेकिन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामला सामने आने के बाद निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, डिपो में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दर्शना देवी को फरवरी 2026 में सेवा से सेवानिवृत्त होना था। नियमों के अनुसार उनकी नौकरी उसी अवधि में समाप्त हो जानी चाहिए थी, लेकिन रिकॉर्ड और प्रशासनिक निगरानी में हुई चूक के चलते वह मार्च और अप्रैल महीने में भी लगातार कार्यालय आती रहीं और अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगाई का बड़ा झटका: अब घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी, जानें कितनी
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा तब हुआ जब कार्यालय में नियमित रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि संबंधित कर्मचारी की रिटायरमेंट की तिथि काफी पहले निकल चुकी है।
यह जानकारी सामने आते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मामले को संभालने की कोशिशें शुरू हो गईं। सूत्रों के मुताबिक, गलती सामने आने के बाद विभाग ने कोई औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए बिना महिला कर्मचारी को सेवामुक्त कर दिया।
इस घटनाक्रम को लेकर कर्मचारियों और आम लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। कई लोगों का कहना है कि जिस विभाग की जिम्मेदारी हजारों कर्मचारियों और परिवहन व्यवस्था को संभालने की है, वहां इस तरह की चूक गंभीर प्रशासनिक कमजोरी को दर्शाती है।
मामले के सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि संबंधित रिकॉर्ड की निगरानी कौन कर रहा था और दो महीने तक इस त्रुटि पर किसी अधिकारी की नजर क्यों नहीं पड़ी। फिलहाल इस संबंध में किसी विभागीय जांच या जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।