#अव्यवस्था
June 27, 2026
हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल का गजब हाल, IGMC में लिफ्ट बंद; सीढ़ियों पर उठाकर ले जाने पड़े सांसद
आम मरीजों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल IGMC की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर आज शनिवार को उस समय सवाल खड़े हो गए, जब राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया और उन्हें खराब लिफ्ट के कारण स्ट्रेचर सहित सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ा। इस घटना ने अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं और रखरखाव व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए IGMC पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : सड़क से सीधे खड्ड में जा गिरी कार, चार लोगों की मौ*त, एक की हालत नाजुक
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें डी-ब्लॉक स्थित क्रिटिकल केयर यूनिट यानी CCU में शिफ्ट करने का निर्णय लिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही एक बड़ी समस्या सामने आ गई। बताया गया कि जिस लिफ्ट के माध्यम से मरीजों को ऊपरी मंजिल तक पहुंचाया जाता है, वह उस समय खराब थी। ऐसे में अस्पताल कर्मियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके साथ मौजूद लोगों ने स्ट्रेचर को कंधों पर उठाकर सीढ़ियों के रास्ते पहली मंजिल तक पहुंचाया।
हालांकि इस घटना ने आम मरीजों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किसी बुजुर्ग, गंभीर रूप से बीमार या दिव्यांग मरीज को इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़े और उसके साथ पर्याप्त लोग मौजूद न हों, तो उसे वार्ड तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस गांव में 14 साल बाद पहुंचे CM : ग्रामीणों के साथ दो दिन बिताएंगे सुक्खू
मरीजों के परिजनों का कहना है कि प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल में लिफ्ट जैसी आवश्यक सुविधा का बंद होना बेहद चिंताजनक है। IGMC प्रदेश का सबसे बड़ा रेफरल अस्पताल है, जहां हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां उपचार करवाने आते हैं। ऐसे में लिफ्ट जैसी मूलभूत सुविधा के खराब रहने से मरीजों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोगियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने बताया कि संबंधित लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण वह बंद थी और उसे ठीक करने का कार्य जारी है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही लिफ्ट को दोबारा चालू कर दिया जाएगा ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें : इटली में बहन के घर आई खुशियां, दंडवत यात्रा करते बाबा बालकनाथ के दरबार आया भाई
इस घटना के बाद लोगों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि IGMC जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में सभी लिफ्टों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।