शिमला। हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम HRTC ने महिलाओं और अन्य रियायती श्रेणी के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। HRTC ने स्पष्ट किया है कि निगम की बसों में बिना हिम कार्ड के भी किराए में छूट मिलेगी।

HRTC ने दी राहत

निगम का कहना है कि अभी हिमा कार्ड आधारित यात्रा प्रणाली अभी लागू नहीं की गई है। ऐसे में रियायती दरों पर सफर करने वाली महिलाओं समेत अन्य पात्र यात्रियों को हिमाचल बस कार्ड के बिना भी बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलती रहेगी। निगम ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी नहीं होते, तब तक मौजूदा व्यवस्था यथावत बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बस हाद.सा : कंडक्टर ने पुलिस से फोन पर मांगी मदद, कई लोगों की थमीं सांसें- रेस्क्यू जारी

अफवाहों पर HRTC का सख्त खंडन

HRTC प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि 31 जनवरी के बाद बिना हिमाचल बस कार्ड के रियायती यात्रा की सुविधा समाप्त हो जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया कि हिमाचल बस कार्ड के लिए 31 जनवरी कोई अंतिम तिथि नहीं थी और न ही एक फरवरी से किराया छूट खत्म की जा रही है।

 

निगम के अनुसार, कार्ड आधारित प्रणाली को लागू करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा चुका है, लेकिन जब तक सरकार की ओर से लिखित और औपचारिक आदेश जारी नहीं होते, तब तक कार्ड को अनिवार्य नहीं बनाया जा सकता।

यह भी पढ़ें : BREAKING : HRTC बस गहरी खाई में गिरी, उड़े परखच्चे- कई लोग थे सवार, रेस्क्यू जारी

भीड़ और भ्रम की वजह बनी गलत जानकारी

गलत सूचना फैलने के कारण बीते कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश के कई बस स्टैंडों पर असामान्य भीड़ देखने को मिली। खासतौर पर महिलाएं और अन्य रियायत के पात्र यात्री इस डर से हिमाचल बस कार्ड के लिए आवेदन करने पहुंचने लगे कि कहीं एक फरवरी से 50 प्रतिशत किराया छूट बंद न हो जाए।

75 हजार हिमाचल बस कार्ड जारी

HRTC ने बताया कि फिलहाल राज्य भर में लगभग 75 हजार हिमाचल बस कार्ड ही जारी किए गए हैं, जबकि रियायती यात्रा का लाभ उठाने वाली महिलाओं और अन्य यात्रियों की संख्या इससे कहीं अधिक है। ऐसे में एकाएक कार्ड को अनिवार्य करना व्यावहारिक भी नहीं है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : भक्ति में लीन युवक को लगा करंट का झटका, नहीं बच पाया बेचारा- 20 साल थी उम्र

प्रबंध निदेशक का स्पष्ट बयान

HRTC के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि भविष्य में रियायती दरों पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए हिमाचल बस कार्ड अनिवार्य किया जाएगा- लेकिन यह फैसला राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बाद ही लागू होगा।

पुलिसकर्मियों को मिली छूट

उन्होंने कहा कि महिलाओं को बस किराए में दी जा रही 50 प्रतिशत की छूट को एक फरवरी से वापस लिए जाने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। यह सुविधा तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी पात्र महिलाओं को हिमाचल बस कार्ड उपलब्ध नहीं करा दिया जाता। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों को इस शर्त से छूट दी गई है। वे हिमाचल बस कार्ड के बिना भी रियायती यात्रा का लाभ पहले की तरह उठाते रहेंगे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ा चीनी पुलिसवाला : 5 महीने से बिना विजा रह रहा, नेपाल के रास्ते घुसा

अफवाहों पर ना दें ध्यान

HRTC प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें और केवल निगम या राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें। निगम ने भरोसा दिलाया है कि हिमाचल बस कार्ड से जुड़ी किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले यात्रियों को पर्याप्त समय और स्पष्ट जानकारी दी जाएगी, ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें