सिरमौर। नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच हिमाचल पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर नजर बनाए हुए पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी खेप को आगे बढ़ने से पहले ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई ने नशा तस्करी के बदलते तौर-तरीकों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई
सिरमौर जिला के पुलिस चौकी सिंघपुरा की टीम को पहले से ही खुफिया इनपुट मिला था कि खोदरी माजरी क्षेत्र से गोजर की ओर नशीले पदार्थ की खेप ले जाई जा सकती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत इलाके में सतर्कता बढ़ाई और संभावित रास्तों पर निगरानी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : फरवरी में ही गर्मी का एहसास, कल बारिश-बर्फबारी की संभावना; मिल सकती है राहत
घेराबंदी के दौरान 3 महिलाएं गिरफ्तार
निगरानी के दौरान तीन महिलाएं पैदल आती हुई दिखाई दीं। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोका और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 835 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद तीनों महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा बजट सत्र: पहले ही दिन हंगामे के आसार, 125 सवालों से गूंजेगा सदन
आरोपितों की पहचान और पृष्ठभूमि
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शानु राय पत्नी हरी दास, बबीता पत्नी मनोज और आशिया परबीन पत्नी तासीन अली के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर महिलाओं की संलिप्तता सामने आने से इलाके में चर्चा और चिंता दोनों का माहौल है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 29, 61 और 85 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया जारी है, ताकि पूछताछ के जरिए पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
कहां से आई और कहां जानी थी खेप
जांच का फोकस अब इस बात पर है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो काम नहीं कर रहा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बदली एक और व्यवस्था- अब ऑनलाइन होगी शराब ठेकों की नीलामी, जानें
पुलिस का सख्त संदेश
मामले की पुष्टि करते हुए निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि नशे से जुड़े मामलों की सूचना पुलिस को दें और इस सामाजिक लड़ाई में सहयोग करें।
