हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के दौरान छोटे-छोटे मुद्दों पर होने वाले विवाद अब आम होते जा रहे हैं। कहीं बस रोकने को लेकर नोकझोंक, तो कहीं किराए और टिकट को लेकर कहासुनी सामने आती है। ताजा मामला हमीरपुर से सामने आया है, जहां HRTC की बस में टिकट मांगने पर बात इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

बस यात्रा के दौरान हुआ विवाद

घटना हमीरपुर डिपो की एक बस की है, जो घंघोट से हमीरपुर की ओर आ रही थी। बस में सफर कर रही एक युवती के कानों में इयरफोन लगे हुए थे। परिचालक ने जब टिकट दिखाने को कहा तो युवती की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिचालक ने कई बार टिकट मांगा, लेकिन जवाब न मिलने पर उसने युवती का ध्यान आकर्षित करने के लिए कथित तौर पर उसके कंधे को छुआ।

 

यह भी पढ़ें : नशेड़ियों के निशाने पर हिमाचल के अस्पताल- सिरिंज चोरी के मामले में 10 अरेस्ट, बढ़ी निगरानी

थप्पड़ मारने से बिगड़ा मामला

कंधे पर हाथ रखे जाने से युवती भड़क गई और उसने परिचालक को थप्पड़ मार दिया। अचानक हुई इस घटना से बस में मौजूद अन्य यात्री भी हैरान रह गए। विवाद बढ़ता देख बस को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : मां चिंतपूर्णी ने पूरी की मुराद- भक्त ने दान किया 25 तोले सोने का मुकुट, 40 लाख है कीमत

निगम प्रबंधन तक पहुंची शिकायत

परिचालक ने पूरे घटनाक्रम की सूचना हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंधन को दी। सूचना मिलने के बाद निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों से घटना को लेकर जानकारी ली। स्थिति को शांत करने के लिए युवती के अभिभावकों को भी बुलाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क हाद.से ने छीन लिए फौजी के प्राण, घर पहुंची तिरंगे में लिपटी देह- पत्नी बेसुध

पुलिस शिकायत नहीं, जांच जारी

अभिभावक युवती को अपने साथ ले गए। फिलहाल इस मामले में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। निगम स्तर पर ही घटना की पड़ताल की जा रही है।

निगम का पक्ष

HRTC के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। यात्रियों और स्टाफ दोनों के बयान लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : चहेतों पर सुक्खू सरकार मेहरबान- रिटायर्ड अफसरों को फिर से नौकरी पर रखा,लाखों का खर्च

सार्वजनिक परिवहन में बढ़ते टकराव

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों और कर्मचारियों के बीच बढ़ते टकराव को कैसे रोका जाए। रोजमर्रा की यात्रा में संयम और संवाद की कमी कई बार ऐसे हालात पैदा कर देती है, जो व्यवस्था और यात्रियों दोनों के लिए परेशानी का कारण बनती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें