सोलन। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां मानपुरा पंचायत में एक 20 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। जवान बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
करंट लगने से युवक की मौत
बताया जा रहा है कि हादसा गुरु रविदास जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान पेश आया है। हादसे के वक्त युवक भक्ति में लीन था। इस हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के पहाड़ों में बर्फबारी : निचले इलाकों में धूप, जानें अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम
भक्ति में लीन था युवक
यह हृदयविदारक घटना मानपुरा पंचायत के वार्ड संख्या आठ में उस समय पेश आई, जब गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जा रही थी। गांव का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा हुआ था। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच स्थानीय निवासी रामलाल का पुत्र अजय कुमार भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ शोभायात्रा में शामिल था।
झंडा चढ़ा रहा था अजय
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा के दौरान जब अजय पवित्र झंडा चढ़ाने की रस्म निभा रहा था, तभी दुर्भाग्यवश उसका संपर्क पास ही स्थित एक इमारत पर लगी बिजली की सजावटी लड़ियों से हो गया। झंडा बिजली की तारों या लाइटिंग से छूते ही तेज करंट उसमें दौड़ गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ा चीनी पुलिसवाला : 5 महीने से बिना विजा रह रहा, नेपाल के रास्ते घुसा
झंडे के माध्यम से फैला करंट
करंट लगते ही अजय के शरीर में बिजली का तेज झटका फैल गया। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोभायात्रा में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धा और उत्सव का माहौल पलभर में चीख-पुकार और दहशत में बदल गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन अजय को गंभीर हालत में नालागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, गांव में जयंती का उत्सव तत्काल रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ‘जीना नहीं चाहता’ लिख डॉक्टर हुआ लापता : रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह मिली...
परिजनों में पसरा मातम
अजय कुमार की अचानक हुई मौत से मानपुरा पंचायत में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि अजय परिवार का सहारा था और बेहद मिलनसार स्वभाव का युवक था। जयंती के दिन इस तरह की घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और दुख दोनों देखने को मिल रहे हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पति बना ह.त्यारा : मामूली झगड़े में पत्नी पर किए कई वार, 3 महीने पहले ही हुई थी शादी
सुरक्षा में चूक की जांच
ASP अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि शोभायात्रा के दौरान बिजली की सजावटी लाइटिंग में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान बिजली, साउंड सिस्टम और सजावटी लाइटिंग की पहले से जांच अनिवार्य की जाए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
