#उपलब्धि
March 5, 2025
सेना की इस स्पेशल स्कीम ने हिमाचल के ईशान को बना दिया सेकंड लेफ्टिनेंट, जानें कैसे
ऑल इंडिया रैंकिंग में मिला 29वां स्थान, जिले में खुशी की लहर
शेयर करें:

कांगड़ा। अगर आप एनसीसी सीनियर विंग के कैडेट हैं और अपनी पढ़ाई के साथ ही इसकी ट्रेनिंग ले रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। यह ट्रेनिंग आपको सरकारी नौकरी के साथ सेना में अफसर बनने का मौका दिला सकती है। कांगड़ा के ईशान ने यही किया और अब उसका चुनाव सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के पोस्ट पर हुआ है। ईशान ने ऑल इंडिया रैंकिंग में 29वां स्थान प्राप्त किया है। अब वे ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), चेन्नई में ट्रेनिंग लेंगे।
फतेहपुर विधानसभा के झावा गांव के रहने वाले ईशान बलोया ने एनसीसी स्पेशल एंट्री 57 के माध्यम से यह सफलता हासिल की। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-11 से बीए (पॉलिटिकल साइंस) और एमए (हिस्ट्री) किया।
पढ़ाई के दौरान एनसीसी की ट्रेनिंग भी पूरी की, जिसने उन्हें सेना में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया।
ईशान बलोया ने कहा कि भारतीय सेना का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए ईशान की मां ने कहा कि बचपन से ही ईशान एक आत्मविश्वासी और अनुशासित छात्र था।
उसकी मेहनत और अनुशासन ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। हमें उस पर गर्व है।” ईशान की सफलता पर उनके स्कूल में भी खुशी का आलम है। साथ ही पूरे कांगड़ा जिले में हर्ष छाया हुआ है।