#उपलब्धि

January 12, 2025

हिमाचल के बेटे रिटू का राष्ट्रीय टीम में हुआ चयन, पिता करते हैं किसानी

सिरमौर के रिटू सिंगटा का राष्ट्रीय कबड्डी टीम में चयन, गांव में खुशी का माहौल।

शेयर करें:

Himachal sirmaur district ritu singta selected in national kabaddi team
नाहन। हिमाचल के कई युवा खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसा ही एक उभरता हुआ खिलाड़ी हिमाचल के सिरमौर जिला का रिटू सिंगटा है। इस खिलाड़ी ने अपनी मेहनत के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जिसके लिए कई खिलाड़ी सपना देखते हैं। रिटू सिंगटा का चयन अंडर-19 राष्ट्रीय कबड्डी टीम में हुआ है। जिससे उसके घर ही नहीं बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

रिटू का राष्ट्रीय टीम में हुआ चयन

सिरमौर जिला के गांव कोटी बोंच के युवा खिलाड़ी 17 वर्षीय रिटू सिंगटा कबड्डी खिलाड़ी हैं। उनके अब तक के खेल को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय कबड्डी  टीम के लिए हुआ है। रिंटू सिंगटा अब हरियाणा में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता हरियाणा के भिवानी में सात दिसंबर से शुरू होगी और 11 दिसंबर तक चलेगी।
 

अच्छे प्रदर्शन के चलते हुए राष्ट्रीय टीम में चयन

किसान परिवार से संबंध रखने वाले इस कबड्डी खिलाड़ी रिटू सिंगटा के चयन पर उसके घर, गांव और उसके स्कूल में खुशी का माहौल है। हर तरफ से उसे बधाई संदेश मिल रहे हैं। बता दें कि रिटू का चयन पांवटा साहिब में आयोजित बॉयज अंडर-19 राज्य स्तरीय माइनर गेम्स के प्रदर्शन को देखते हुए हुआ है।

किसान का बेटा है रिटू

रिटू का जन्म 20 जुलाइ्र 2007 को कोटी गांव में एक किसान परिवार में हुआ है। रिटू के पिता धनी राम एक साधारण किसान हैं। रिटू इस समय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोनहाट में 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा है। रिटू के कोच गोपाल राणा और स्कूल के प्रधानाचार्य सहित समस्त स्टाफ ने रिटू के इस चयन पर उसे बधाई दी है।
 

पढ़ाई के साथ खेलों में भी थी रूचि

बताया जा रहा है कि रिटू बचपन से ही पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी काफी रूचि लेता था। रिटू ने कबड्डी की शुरूआत राज्य स्तर पर की थी। 2022 में  रिटू ने अंडर-16 राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा 2023 में  अंडर-19 राज्य स्तरीय कबड्डी रोहड़ू व 2024 में अंडर-19 राज्य स्तरीय कबड्डी पांवटा साहिब में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया।
 

युवाओं के लिए बनेगा रिटू प्रेरणा

रिटू की इस मेहनत और कबड्डी के प्रति जूनून ने ही उसे आज राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बना दिया है। रिटू की सफलता न केवल उनके गांव के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उसके गांव के लोगों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी जहां नशे के दलदल में धंस रही है। ऐसे युवाओं के लिए रिटू एक प्रेरणा बनेगा।
 
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख