कांगड़ा : आमतौर पर हिमाचल प्रदेश के युवाओं को मेहनती और प्रतिभावान समझा जाता है। वहीं, अगर बात देश सेवा की हो तो प्रदेश के युवा और अधिक उत्साह और लगन के साथ मेहनत कर के सेना में शामिल होने का प्रयास करते हैं, जिस कारण से हिमाचल को देवभूमि के साथ ही वीरभूमि का भी दर्ज मिला हुआ है।
पूरे देश हासिल किया प्रथम स्थान
अब इसी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया है, हिमाचल प्रदेश स्थित कांगड़ा जिले के तहत आते शाहपुर गोरडा के रहने वाले युवक रजत कुमार ने। दरअसल, रजत ने सम्मिलित रक्षा सेवा यानी कि सीडीएस (CDS) परीक्षा में प्रथम रैंक लाकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। रजत को इस परीक्षा में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
UPSC आयोजित करवाता है ये परीक्षा
आपको बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) वर्ष भर में दो बार सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा आयोजित करवाता है। इसी कड़ी में आयोग ने यूपीएससी सीडीएस-2 (सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा) के अंतिम परिणाम जारी कर दिए हैं, जिसमें रजत कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रजत व उनका परिवार उनकी इस उपलब्धि से बहुत खुश हैं और फूले नहीं समा रहे हैं।
गौर रहे कि आयोग ने सितंबर 2023 में सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा आयोजित की थी। आयोग के द्वारा भारतीय सैन्य अकादमी, भारतीय नौसेना अकादमी और वायु सेना अकादमी में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा में क्रमशः 2675, 0970 और 0622 को सफल उम्मीदवारों के रूप में प्रस्तावित किया था। इसमें से इस सूची को 197 उम्मीदवारों की योग्यता के क्रम के आधार पर तैयार किया गया है, जिन्होंने यूपीएससी सीडीएस-2 परिणाम 2023 के आधार पर क्वालीफाई हुए थे।
डिफेंस सेवा के मामले में पहाड़ी राज्य के युवा सबसे आगे
यूं तो हिमाचल प्रदेश के युवाओं में सरकारी नौकरी के प्रति अधिक रुझान रहता ही है, किन्तु जब हम बात करते है रक्षा सेवाओं की तो हिमाचल के युवा इसमें बढ़ चढ़ कर भाग लेते हैं। आंकड़े भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि हिमाचल व उतराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के युवा देश भर में रक्षा सेवाओं में समिलित होने के मामलों में सबसे आगे हैं। अब इसी कड़ी में रजत कुमार का सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा में प्रथम रैंक प्राप्त करना सभी के लिए गर्व का विषय बना हुआ है।