#उपलब्धि
December 28, 2025
हिमाचल की बेटी उपासना बनी देश की 'बेस्ट बिल्डिंग डिजाइनर', मिला नेशनल अवार्ड
बेहतरीन प्रोजेक्ट और परिवार का साथ
शेयर करें:

मंडी। मेहनत और हुनर जब साथ चलते हैं, तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। इसी बात को सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बेटी उपासना शर्मा ने। नई सोच और अपने बेहतरीन काम के दम पर उपासना शर्मा को राष्ट्रीय स्तर के अवार्ड से नवाजा गया है। यह सम्मान न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे मंडी जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय है।
उपासना शर्मा ने मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र के गांव रियूर की रहने वाली है। उन्हें कागंड़ा जिला के धर्मशाला में आयोजित अवार्ड-2025 समारोह में उन्हें भी आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि IAS विनोद कुमार ने उपासना शर्मा को बेस्ट कमर्शियल अवार्ड 2024–25 से सम्मानित किया गया है।
उपासना को यह पुरस्कार उनके द्वारा डिजाइन किए गए एक व्यावसायिक भवन के लिए दिया गया। जूरी ने इस भवन को उसकी आधुनिक डिजाइन, मजबूती और खूबसूरती के कारण सर्वश्रेष्ठ माना। उन्होंने उपासना के प्रोजेक्ट की तकनीकी गुणवत्ता और नई सोच की भी काफी सराहना की। जूरी के अनुसार यह भवन न केवल काम में मजबूत है, बल्कि देखने में भी आकर्षक और अलग है, जिससे यह पूरे प्रोजेक्ट में सबसे बेहतरीन साबित हुआ।
उपासना शर्मा ने अपनी इस सफलता का सारा श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि आज मैं जहां भी हूं, वह मेरे माता-पिता के हमेशा साथ देने, उनकी मेहनत, अच्छे संस्कार और सही मार्गदर्शन का ही नतीजा है। उनके बिना यह सफर पूरा करना कभी भी संभव नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि हर कदम पर उनके माता-पिता ने उन्हें प्रोत्साहित किया और सही दिशा दिखाई, जिसकी वजह से आज मैं इस मुकाम तक पहुंच पाई।
उपासना शर्मा के पिता नीलकमल शर्मा पहले अपने गांव के उपप्रधान रहे हैं, और उनकी मां कुसुमलता रिवालसर में ICDS (एकीकृत बाल विकास सेवाएं) विभाग में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रही हैं। बेटी की इस कामयाबी से पूरे इलाके में खुशी फैल गई है।