#उपलब्धि
July 21, 2026
वीरभूमि हिमाचल का गौरव बढ़ा : भारतीय सेना में मेजर जनरल बने अतुल राजपूत
आर्मी में जाने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा बने अतुल
शेयर करें:

हमीरपुर। वीरभूमि हिमाचल प्रदेश ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित करने वाला गौरवशाली पल देखा है। हमीरपुर जिले के विकास खंड टौणीदेवी के निवासी अतुल राजपूत भारतीय सेना में मेजर जनरल के प्रतिष्ठित पद पर पदोन्नत हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ग्राम पंचायत पंजोत के टिक्करी गांव के रहने वाले अतुल राजपूत की पदोन्नति को वर्षों की कठिन मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। भारतीय सेना में मेजर जनरल जैसे उच्च पद तक पहुंचना आसान नहीं होता। यह जिम्मेदारी केवल उन अधिकारियों को मिलती है जिन्होंने अपने सेवा काल में बेहतरीन नेतृत्व, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया हो।
लोगों का कहना है कि अतुल राजपूत की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। उनका मानना है कि छोटे से गांव से निकलकर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने की यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और लगन के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
ग्राम पंचायत पंजोत के उपप्रधान जगजीत शर्मा ने अतुल राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने गांव, पंचायत, जिले और पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इससे सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं का उत्साह भी बढ़ेगा।
अतुल राजपूत की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हिमाचल की वीरभूमि आज भी देश को ऐसे अधिकारी दे रही है- जो अपनी क्षमता, अनुशासन और समर्पण के बल पर भारतीय सेना में सर्वोच्च जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।