कांगड़ा। हिमाचल की खड्डें और नदियों अब तक कई लोगों की जिंदगी निगल चुकी हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां एक जवान युवक की खड्ड में डूबने से मौत हो गई है। यह युवक अपनी बहन और जीजा के साथ खड्ड की तरफ घूमने निकला था।
खड्ड में डूबा युवक
बताया जा रहा है कि युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की मौत के बाद से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : हाईवे पर साधु को कार चालक ने रौंदा, मंदिर जा रहा था बेचारा
बहन और जीजा के साथ गया था घूमने
मिली जानकारी के अनुसार, मांरडा का रहने वाला 26 वर्षीय अखिल शर्मा अपनी बहन और जीजा के साथ उपंमडल पालमपुर के मैंझा के पास स्थित न्यूगल खड्ड के किनारे घूमने गया था। इसी बीच उसका खड्ड में नहाने का मन किया तो वो पानी में उतर गया।
तैरना जानता था अखिल
बताया जा रहा है कि अखिल अच्छे से तैरना जानता था। पानी में उतरते ही अखिल गहरे पानी में चला गया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण अखिल उसमें डूब गया। जब काफी देर तक अखिल पानी से बाहर नहीं आया तो उसकी बहन और जीजा मदद के लिए चिल्लाने लगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बेजुबानों को बचाने के लिए शख्स ने दे दी खुद की जान, ट्रेन की चपेट में आया
वहीं, शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने अखिल को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद अखिल की बहन और जीजा उसे अस्पताल ले गए। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने अखिल को मृत घोषित कर दिया।
पूरे परिवार में मची चीख-पुकार
अखिल शर्मा के पिता अश्वनी शर्मा दिल्ली में CRPF में कार्यरत हैं। अखिल की मां गृहिणी हैं। अखिल की एक बड़ी बहन भी है- जिसकी शादी हो चुकी है। अखिल की मौत ने पूरे परिवार को बिखेर के रख दिया है। बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद से मां बेसुध हो गई है। मां की आंखें अपने बेटे को देखने के लिए तरस रही हैं। जवान मौत के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। जबकि, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 300 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, परिवार ने खो दिया जवान बेटा
मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।