#हादसा
November 27, 2025
हिमाचल: पहाड़ी से गिर रही देवरानी को बचाते जेठानी भी खाई में लुढ़की, परिवार में छाया मातम
घास लेकर लौट रही थी दोनों, परिवार के साथ गांव में फैला शोक
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल के मंडी जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक परिवार पर उस समय दुखांे का पहाड़ टूट पड़ा, जब परिवार की दो महिलाएं जो रिश्ते में देवरानी और जेठानी लगी थी पहाड़ी से नीचे गिर गईं। इस हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों देवरानी और जेठानी घास काट कर वापस घर लौट रही थीं।
यह दर्दनाक हादसा करसोग उपमंडल के मतेहल गांव में गुरुवार को हुआ है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। घास काटकर जंगल से घर लौट रही देवरानीदृजेठानी अचानक एक भयावह हादसे का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि घर लौट रही एक महिला का अचानक पैर फिसला और वह पहाड़ी से नीचे गिरने लगी। उसे बचाने के चक्कर में दूसरी महिला भी उसके साथ ही पहाड़ी से सीधे नीचे जा गिरी।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रमा देवी और संगीता देवी जंगल से घास लेकर वापस घर लौट रही थीं। रास्ता संकरा और फिसलन भरा था। तभी अचानक रमा देवी का पैर फिसला और वह गहरी ढांक की ओर लुढ़कने लगीं। रमा को गिरता देख साथ चल रही संगीता देवी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में वह खुद संतुलन खो बैठीं और नीचे जा गिरीं। देखते ही देखते दोनों महिलाएं ढांक की ओर लुढ़क गईं, जिससे चीख.पुकार सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहले फोन कर घर से बुलाया, फिर नहर में फेंक दिया युवक- परिजनों को मिली देह
स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत दोनों महिलाओं को उठाकर नागरिक अस्पताल करसोग पहुंचाया। लेकिन तब तक रमा देवी पत्नी भगवान दास को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल संगीता देवी पत्नी कामेश्वर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार करसोग वरुण गुलाटी ने मृतक महिला के परिवार को 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की, जबकि घायल महिला के इलाज के लिए 5,000 रुपये जारी किए गए। हादसे के बाद मतेहल गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। डीएसपी करसोग चांद प्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।