#हादसा
July 15, 2026
हिमाचल : घर के बाहर सफाई कर रहे शख्स पर आवारा सांड ने किया ह.मला, हुई मौ*त- बेटा गंभीर
घर के बाहर सीढ़ियों पर सफाई कर रहा था व्यापारी
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। यहां एक आवारा सांड के हमले में एक व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता को बचाने पहुंचा उसका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद इलाके में दहशत और दुख का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के कुमारहट्टी बाजार से सामने आया है। यहां पर आज बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे एक व्यापारी अपने घर के बाहर सीढ़ियों की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि व्यापारी वहां से उठ ही नहीं पाया। पिता को सांड के हमले से बचाने के लिए उनका बेटा तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन सांड ने उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में बेटा घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सांड को भगाया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गाया। डॉक्टर ने जांच के दौरान व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान देवेंद्र बोहरा के रूप में हुई है। वहीं घायल बेटे का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद कुमारहट्टी बाजार के व्यापारियों में भारी दुख और आक्रोश देखने को मिला। शोक के चलते बुधवार को व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और मृतक व्यापारी को श्रद्धांजलि दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके समाधान के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द इसका स्थायी समाधान निकाला जाए। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं और अब समय आ गया है कि सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।