#हादसा
August 1, 2025
मानसून के बीच खतरे का खेल! हिमाचल की खड्ड में खनन करने गए 5 लोग पानी के बीच फंसे
तेज बहाव में फंसे खनन माफिया से जुड़े ट्रैक्टर ड्राइवर व मजदूर
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन जोरों पर है और लगातार हो रही भारी बारिश से राज्य की नदियों और खड्डों में जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। प्रशासन बार-बार जनता से अपील कर रहा है कि वे नदी-नालों से दूर रहें, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
ताजा मामला कांगड़ा जिले के उपमंडल ज्वाली का है, जहां देहर खड्ड में एक ट्रैक्टर ड्राइवर और चार मजदूर तेज बहाव में फंस गए। ये लोग अवैध रूप से खनन करने के लिए रेत-बजरी उठाने गए थे। जैसे ही उन्होंने खड्ड को पार करना चाहा, पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे ट्रैक्टर वहीं फंस गया और डूब गया।
हालात इतने बिगड़ गए कि मजदूर और ड्राइवर ट्रैक्टर पर चढ़कर जान बचाने की कोशिश करने लगे। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और ट्रैक्टर को जेसीबी की मदद से निकाला गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
SDM ज्वाली नरेंद्र जरियाल ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा कि खनन पर फिलहाल पूर्ण प्रतिबंध है और किसी को भी नदी या खड्डों में जाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो लोग नियमों को तोड़ते हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।