#हादसा
June 13, 2025
हिमाचल में सुबह-सवेरे पलटी पर्यटकों की कार, महिला समेत 3 लोग थे सवार- ओवरस्पीड बनी वजह
गोंदला में तड़के सवा 5 बजे हुआ हादसा
शेयर करें:

लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम लाहौल स्पीति जिला में एक बार फिर रफ्तार ने हदें लांघ दीं। गोंदला गांव के पास सुबह सवा 5 बजे हरियाणा नंबर की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50-60 मीटर नीचे खेतों में जा पलटी।
जानकारी के अनुसार लाहौल स्पीति घूमने आए पर्यटक सुबह सवेरे वापस आने की प्लैनिंग के चलते सफर कर रहे थे। इसी दौरान गोंदला के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त कार में सवार दो पुरुष और एक महिला घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कार काफी स्पीड में थी, जिस कारण हादसे का शिकार हो गई।
गोंदला पंचायत के प्रधान सूरज ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह एक तीखा मोड़ है। शुरुआती जांच में ओवर स्पीड को ही हादसे की वजह माना जा रहा है। गाड़ी ड्राइवर मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार नीचे पत्थरों की ओर लुढ़क गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और घायलों को केलांग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर है। घायलों का प्राथमिक उपचार केलांग स्थित अस्पताल में चल रहा है। बताया गया है कि किसी को गंभीर अंदरूनी चोटें नहीं हैं, लेकिन पूरी जांच मेडिकल टीम कर रही है।
गाड़ी पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर रवाना हो गई। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने पुष्टि की है कि वह घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का मुआयना करेंगे और इसके बाद ही घायलों की स्थिति और दुर्घटना के सटीक कारणों की जानकारी देंगे।