#हादसा
July 21, 2026
हिमाचल: सड़क किनारे बैठे महिला और युवक अचानक गहरी खाई में गिरे, एक ने तोड़ा दम
अचानक बिगड़ा संतुलन, दोनों खाई में जा गिरे
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है। यहां सड़क किनारे बैठे एक महिला और युवक अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण गहरी ढांक में जा गिरे। हादसा में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, युवक घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात महिला और युवक दियुंघाट के समीप सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ ही दोनों सड़क से नीचे गहरी ढांक में जा गिरे। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि नीचे गिरते समय महिला का सिर एक पत्थर से जोर से टकरा गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद महिला को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है और वह नेपाली मूल की थी।
हादसे में 28 वर्षीय युवक भी घायल हुआ है। हालांकि, उसे ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई हैं और उसके शरीर पर मामूली चोटें व खरोंचें बताई जा रही हैं। हादसे के बाद युवक ने खुद पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। टीम ने हादसे से जुड़े जरूरी तथ्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस इस मामले को केवल हादसा मानकर नहीं चल रही है। मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला और युवक सड़क किनारे किस वजह से बैठे थे और दोनों किस परिस्थिति में अचानक ढांक में गिरे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना महज संतुलन बिगड़ने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल 28 वर्षीय युवक शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सोलन एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।