#हादसा
May 8, 2026
हिमाचल PWD का बुलडोजर खाई में गिरा- चालक की मौ*त, घर पर चल रही थी रिटायरमेंट की तैयारी
सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगा था बुलडोजर
शेयर करें:

सोलन/शिमला। कुछ हादसे किसी की जिंदगी ही नहीं बल्कि परिवार के अस्तित्व को झकझोर दिया करते हैं। ऐसा ही दर्दनाक हादसा हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से सामने आया है। जहां सड़क दुर्घटना में एक ऐसे शख्स की मौत हुई जिनकी इसी महीने रिटायरमेंट होनी थी। लोक निर्माण विभाग में सेवारत शख्स ने अपने पूरे सेवाकाल में जिस बुलडोजर से सैकड़ों किलोमीटर सड़क निर्माण की, आखिरकार नौकरी के अंतिम महीने में उसी बुलडोजर के साथ उनकी जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोलन जिला में कसौली क्षेत्र के जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगा PWD का बुलडोजर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में बुलडोजर चालक गोपाल दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक सुरक्षित बच गया। बताया जा रहा है कि गोपाल दास इसी महीने रिटायर होने वाले थे और घर में उनकी विदाई की तैयारियां चल रही थीं।
गोपाल दास मूल रूप से शिमला जिले के करली गांव के रहने वाले थे। घर में उनके रिटायरमेंट की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दरअसल, बीते कल यानी वीरवार को दोपहर करीब ढाई बजे कामली क्षेत्र में सड़क किनारे की जमीन अचानक धंस गई।
उसी दौरान सड़क पर कार्य कर रहा बुलडोजर संतुलन खो बैठा और करीब 250 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। गिरते ही मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में सड़क किनारे की जमीन धंसने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।