#हादसा
November 24, 2025
हिमाचल: घर के बाहर भतीजी को उतार कार पार्क कर रहा था चाचा, वाहन सहित खाई में जा गिरा
भतीजी की आंखों के सामने चाचा की जा*न गई, कार खाई में लुढ़की
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल की राजधानी शिमला में भी हुआ है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि यह कार हादसा सड़क पर नहीं बल्कि घर के बाहर कार को पार्क करते समय हुआ और इस हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत भी हो गई। इस घटना से परिवार पूरी तरह से स्तब्ध है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शिमला के पास ढांडा क्षेत्र में रविवार देर रात को पेश आया। बताया जा रहा है कि शख्स अपनी भतीजी के साथ कार में कहीं गया था। देर रात को वह घर लौटा और भतीजी को कार से उतार कर वह अपनी कार को पार्क करने के लिए बैक करने लगा। इसी दौरान उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की नाक के नीचे से फरार हो रहे कैदी : उठने लगे कई सवाल, कौन देगा जवाब?
इस हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान 48 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। राकेश कुमार सेना से सेवानिवृत्ति के बाद शिमला में पटवारी के पद पर कार्यरत थे। यह हादसा बालूगंज पुलिस थाना क्षेत्र के तहत लोअर ढांडा में हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रात को ही शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था।
पुलिस को दी जानकारी में भतीजी ने बताया कि घर के पास पार्किंग की जगह पहुंच कर पहले चाचा ने उसे कार से उतार दिया और फिर कार को पार्क करने के लिए बैक करने लगे। इसी दौरान भतीजी कार से कुछ कदम ही दूर थी। बैक करते समय अचानक कार बेकाबू हो गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। भतीजी यह सब अपनी आंखों के सामने होते देख असहाय रह गई और चीख-पुकार मचाकर परिवार और पड़ोसियों को बुलाया।
कार के गिरने की जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। राकेश कुमार खाई में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। लोग किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। मृतक राकेश कुमार उर्फ पिंकू भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद शिमला में पटवारी के रूप में कार्यरत थे। सैन्य सेवा से लेकर नागरिक सेवा तक दोनों ही दौर में उनकी ईमानदारी और सरल स्वभाव के लोग बड़ी प्रशंसा करते थे।
अचानक हुए इस हादसे से परिवार पूरी तरह टूट गया है। राकेश की पत्नी, बेटा और बेटी को जैसे विश्वास ही नहीं हो पा रहा कि कुछ ही पलों में उनका सहारा उनसे छिन गया। घर में कोहराम मचा हुआ है। अचानक हुए इस हादसे से हर कोई स्तब्ध है। वहीं भतीजी की आंखों के सामने बार बार वही मंजर घूम रहा है, जिससे वह गहरे सदमें में है।
पुलिस ने आज सोमवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भतीजी के बयान दर्ज कर मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि कार बैक करते समय संतुलन बिगड़ने और अचानक नियंत्रण छूटने की वजह से यह हादसा हुआ है।