#हादसा
June 26, 2026
हिमाचल : तेज रफ्तारी बनी काल, देर रात खाई में गिरी कार- एक ही गांव के 5 लोग थे सवार
अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़की कार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी और घुमावदार सड़कों पर थोड़ी सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। आए दिन सामने आ रहे सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा जिला शिमला से सामने आया है, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार यह हादसा 25 जून की रात करीब 11:45 बजे हुआ। रामपुर के तकलेच पुलिस चौकी के तहत गांव मुनिष बाहली निवासी जय प्रकाश ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह अपने गांव के ही लोगों के साथ ऑल्टो के-10 कार (एचपी-06बी-5765) में सफर कर रहे थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
जैसे ही कार जोगनी क्षेत्र के पास पहुंची, अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से नीचे जा गिरी। कार के गिरते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुन स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए रामपुर के महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी) खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने कार चालक पीकी राम उम्र 40 साल पुत्र भीषण को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में सवार अन्य चार लोगों को चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। हादसे में मृतक और सभी घायल एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस को दिए बयान में बताया गया है कि हादसा चालक के कार से नियंत्रण खोने के कारण हुआ। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
रामपुर थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच तकलेच पुलिस चौकी द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।