कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित पुलिस चौकी रानीताल के तहत आते क्षेत्र में दुखद घटना पेश आई है। यहां रानीताल में रह रहे एक परिवार की दो मासूम बच्चियों की अचानक मौत हो गई। वहीं, मां की हालत नाजुक बनी है।
खाना खाकर सो गया था परिवार
बताया जा रहा है कि यूपी के बरेली निवासी देशराज रानीताल में बीते 4 सालों से मजदूरी का काम करता है। यहां अपने परिवार के सदस्य पत्नी और दो बच्ची समेत मेहनत मजदूरी कर जीवन बसर कर रहा था। लेकिन पिछले कल उसके घर की लक्ष्मियों की अचानक मौत हो जाने से उसका परिवार बिखर गया है। बताया जा रहा है कि रात के समय परिवार ने एक साथ भोजन किया और सोने चले गएं। लगभग रात के 1 बजे छोटी बेटी को उल्टियां शुरू हो गई।
2 बच्चियों की अचानक मौत
3 साल की छोटी बेटी आंशिका की तबीयत देखते ही देखते और अधिक बिगड़ गई। वहीं परिवार कुछ समझ पाता कि इतनी ही देर में देशराज की 7 साल की बड़ी बेटी खुशी की तबीयत भी अचानक खराब हो गई। जिसके बाद दोनों को स्थानीय अस्पताल देहरा ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने छोटी बेटी को मृत घोषित कर दिया।
मां की हालत गंभीर
वहीं, बड़ी बेटी खुशी को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचाया गया, लेकिन देखते ही देखते खुशी भी दुनिया को अलविदा कह गई। इसके अलावा बच्चियों की माता की तबीयत भी बिगड़ी है, जिसे टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कहा जा रहा है कि मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने जुटाए खाने के सैंपल
उधर, इस घटना के बाद पुलिस ने मजदूर के घर पहुंच खाने के सैंपल जुटाए हैं। DSP देहरा अनिल ठाकुर का कहना है कि भारत सुरक्षा अधिनियम की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है। वहीं मृत बच्चियों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जिसके बाद ही पुलिस इस बात कर पहुंच पाएगी कि आखिर मौत के पीछे क्या कारण रहे हैं।