#हादसा
June 8, 2025
हिमाचल : फ़ूड वैन पर चाय पीने आया था बुजुर्ग, तेज रफ़्तार बाइक चालक ने कुचला- थम गई सांसें
75 वर्षीय बुजुर्ग को बाइक राइडर ने उड़ाया
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में वाहन चालकों की लापरवाही के चलते बेक़सूर लोगों की जान जाने के मामले आए दिन बढ़ते हुए रिपोर्ट किए जा रहे। ताजा मामला प्रदेश के जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग को तेज रफ़्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी। जिससे बुजुर्ग की जान चली गई। यह हादसा घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत भगेड़ क्षेत्र में उस समय हुआ जब बुजुर्ग सड़क किनारे चाय पीने के बाद पैदल लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चंदू राम के रूप में हुई है, जो बल्लू वाहनी गांव के निवासी थे। चंदू राम रोज की तरह फोरलेन पर स्थित एक फूड वैन पर चाय पीने गए थे।
चाय पीने के बाद जब वह औहर की ओर पैदल जा रहे थे, उसी समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग और बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आस-पास मौजूद लोगों और फूड वैन संचालक ने तुरंत घायलों की मदद की। दोनों को निजी वाहनों की सहायता से एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। हालांकि, वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने चंदू राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार युवक का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण तेज रफ्तार और असावधानी मानी जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार को गहरे शोक में डाल गई है, बल्कि एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कब रुकेगी? बहरहाल, स्थानीय लोगों की मांग है कि फोरलेन जैसी व्यस्त सड़कों पर उचित संकेतक, स्पीड ब्रेकर और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को टाला जा सके।