सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से कई क्षेत्रों में बारिश ने तबाही मचा रखी है। भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों को काफी डराया है। वहीं, मूसलाधार बारिश ने सिरमौर जिला को भी काफी जख्म दिए हैं। बीती रात हुई बारिश ने जिला के आंजभोज क्षेत्र के तहत टोरु डांडा के लोगों को खूब डराया।
कई घरों में घुसा पानी
आंजभोज क्षेत्र के टोरु डांडा आंज के कई घरों में देर रात पानी भर गया। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण यहां रतुआ खड्ड में बाढ़ आ गई। बाढ़ के पानी ने खड्ड के आसपास बने घरों में घुसकर काफी नुकसान पहुंचाया।
बह गए बर्तन
जानकारी मिली है कि बाढ़ का पानी घरों में घुसने के कारण स्थानीय लोगों की संपत्ति को खासा नुकसान हुआ है। यहां स्थानीय व्यक्ति जीत सिंह और काहन सिंह के घर में पानी घुस गया। पानी अपने साथ घर के बर्तन बहा ले गया. वहीं उनके घर के साथ लगती गऊशाला भी बह गई है। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल परिवार की मदद के लिए पहुंचे।
बच गई जान
स्थानीय लोगों ने परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला और साथ ही कीमती सामान को बचाने का प्रयास किया गया। हालांकि, बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन, घर का काफी सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। सामान बाढ़ के पानी में बह भी गया है।
पहले भी आ चुकी है तबाही
आपको बताते चलें कि आंजभोज क्षेत्र में पहले भी बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई है। हाल ही में आई बाढ़ के दौरान इसी क्षेत्र के एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई। 48 वर्षीय अमान सिंह की मौत रेतुआ खड्ड में बाढ़ आने के कारण हुई।
यह भी पढ़ें: समारोह के लिए हिमाचल आया था परिवार, जवान बेटे की देह के साथ लौटा वापस
वहीं, बताया जा रहा है कि जब भी इस खड्ड में जल स्तर बढ़ जाता है लोगों के मन में डर बैठ जाता है। इस क्षेत्र में लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते। ऐसे में पिछले कल की बारिश ने भी लोगों को सोने नहीं दिया है।
बताते चलें कि पिछले दिनों इसी खड्ड में आई बाढ़ में बह जाने से 48 वर्षीय अमान सिंह की मौत हो गई थी। यह दूसरी बार है जब रेतुआ खड्ड में बाढ़ आई है और भारी नुकसान हुआ है।