#हादसा

January 20, 2025

हिमाचल: 10 साल के बेटे ने दी फौजी पिता को अंतिम विदाई, गमगीन हुआ माहौल

कांगड़ा जिले के जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

शेयर करें:

Himachal kangra fatehpur bsf jawan sunil kumar heart attack funeral

राजा का तालाब (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के एक और जवान की ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई। यह जवान कांगड़ा जिला के फतेहपुर का रहने वाला था और बीएसएफ के 99 बटालियन में तैनात था। उपतहसील राजा का तालाब की ग्राम पंचायत गोलवां के सथेरा गांव के जवान हैड कांस्टेबल सुनील कुमार का उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान जवान के 10 साल के बेटे आकर्ष ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।

सैन्य सम्मान से जवान का अंतिम संस्कार

इससे पहले जैसे ही जवान की पार्थिव देह उनके घर पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया। पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। जवान की मौत हार्ट अटैक से हुई बताई जा रही है। जवान के घर में उसके बूढ़ी माता के अलावा पत्नी और दो छोटे छोटे बच्चे हैं। सुनील कुमार की पार्थिव देह को माधोपुर की गार्ड 121 बटालियन के एएसआई अश्वनी कुमार और उनकी टीम लेकर घर पहुंची थी।

हार्ट अटैक से कांगड़ा के जवान की मौत

एएसआई अश्वनी कुमार ने बताया कि सुनील पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और शुक्रवार को उसकी हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक सुनील कुमार के छोटे भाई का 4 वर्ष पहले अचानक निधन हो गया था, और लगभग 1 साल पहले जवान सुनील कुमार के पिता का भी निधन हो गया था। अब परिवार में अकेला कमाने वाला सुनील कुमार भी इस दुनिया और परिवार को अकेला छोड़ गया है।

एक दिन पहले ही की थी फोन पर बात

दिवंगत हैड कांस्टेबल सुनील कुमार की पत्नी सुनीता कुमारी ने बताया कि एक दिन पहले ही उनके पति से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बच्चों से भी बात की थी और बच्चों का ख्याल रखने की बात कही थी। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पुलिस चौकी रैहन के एएसआई सुनील कुमार व उनकी टीम के सदस्य व गोलवां पंचायत के पूर्व प्रधान अनिल पप्पू भी पहुंचे हुए थे।

 

यह भी पढ़ें : भांजे की शादी में डीजे पर नाच रही थी मामी, अचानक जमीन पर गिरी और…

 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख