#हादसा
August 26, 2026
हिमाचल : रक्षा बंधन से पहले उजड़े दो परिवार, बस-स्कूटी की टक्कर में युवक-युवती की मौ**त
बस और स्कूटी की जोरदार टक्कर
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर एक निजी बस और स्कूटी की जोरदा टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी सवार युवक और युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय डोहलूनाला के पास पेश आया है। हादसा बीते कल मंगलवार रात करीब 9:45 बजे हुआ। दोनों युवक-युवती स्कूटी पर सवार होकर मनाली की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही एक निजी बस से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में स्कूटी चला रही कशिश, निवासी सिहली, सुंदरनगर जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी के पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार, निवासी त्रिफालघाट, जिला मंडी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
कुल्लू के SP अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस हादसे की असली वजह पता लगाने में जुटी हुई है। इसके लिए बस चालक के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों और चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर दोनों वाहनों की टक्कर कैसे हुई।
हादसे के बाद चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और सड़क से वाहनों को हटाकर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया।