#हादसा
May 15, 2026
हिमाचल : देर रात गहरी में समाई कार, दो थे सवार- परिजनों को फोन पर मिली बेटे की मौ*त की खबर
मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाए घायल
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। यहां देर रात एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला चंबा के भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जांघी इलाके में पेश आया है। हादसा बीते रात करीब ढाई बजे हुआ। कार में दो लोग सवार थे, जो किसी काम से जा रहे थे। अचानक जांघी के पास कार चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
देर रात अचानक जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकले। जब लोगों ने नीचे झांककर देखा तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खाई में पड़ी हुई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अंधेरा और खाई की गहराई राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनी रही, लेकिन टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के दौरान एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल चालक बर्फों पुत्र बुधिया का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। टीम पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस कारण से हुआ है। वहीं हादसे की पुष्टि एसपी चंबा विजय सकलानी ने की है।