#हादसा
August 12, 2026
हिमाचल BREAKING: देह लेकर जा रही पिकअप गहरी खाई में गिरी, 4 की मौ**त; 9 लोग गंभीर घायल
क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल, सदमे में परिवार
शेयर करें:

सिरमौर। किसी अपने को आखिरी विदाई देने के लिए निकले लोगों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि रास्ते में उनके साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के संगड़ाह क्षेत्र में एक परिवार अपने मृत परिजन का शव लेकर गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त की शाम सुनील शर्मा के ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। परिजन उन्हें सिविल अस्पताल संगड़ाह लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन और अन्य लोग शव को गांव अरलू ले जाने के लिए एक बोलेरो कैंपर किराये पर लेकर रवाना हुए।
बोलेरो कैंपर को 39 वर्षीय कपिल देव चला रहा था। जब वाहन गांव चिनाड के पास पहुंचा तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:45 बजे वाहन संगड़ाह क्षेत्र के गतलोग के पास पहुंचा। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में 37 वर्षीय राजेंद्र, 23 वर्षीय देसराज, 58 वर्षीय रिखीराम और 62 वर्षीय राम गोपाल की मौत हुई है। सभी सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र के रहने वाले थे।
वहीं घायलों में बृज मोहन, कृपाराम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और वाहन चालक कपिल देव शामिल हैं।
नौ घायलों में कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। वहीं पांच अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों के शवों का सिविल अस्पताल संगड़ाह में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बोलेरो कैंपर हादसे में चार लोगों की मौत और नौ लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।