चंबा। हिमाचल प्रदेश की संकरी व सर्पीली सड़कों पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला आज शुक्रवार सुबह जिला चंबा का है जहां चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दुखद हादसे में सीमेंट से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान छिन्दू पुत्र जर्म सिंह निवासी मसरूंड जिला चंबा के रूप में की गई है।
सीमेंट से भरा ट्रक हुआ दुर्घटनाग्रस्त
यह हादसा उस समय हुआ जब छिंदू पठानकोट से सीमेंट लेकर चंबा की ओर जा रहा था। ट्रक जब चनेड़ के समीप हडोठा नामक स्थान पर पहुंचा तभी वह अचानक अनियंत्रित होकर राजमार्ग से नीचे लुढ़कते हुए डाडरी लिंक रोड पर जा गिरा। ट्रक के गिरने से इतनी जोरदार आवाज हुई कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मदद की कोशिश की मगर चालक की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पर फिर मेहरबान हुई केंद्र सरकार, अब इन कार्यों के लिए दी करोड़ों की सौगात
ट्रक में बुरी तरह फंसा चालक
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह से यह दुर्घटना हुई, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही असली कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें : HRTC बस की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार: तीन लोग थे बाइक पर सवार
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका दुर्घटना के लिए संवेदनशील है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हालांकि पुलिस इस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कोई अन्य कारक दुर्घटना का कारण बने हैं। पुलिस की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और हादसे के विस्तृत कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।