कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों गर्मी ने कहर बरपाया हुआ है। ऐसे में बहुत सारे लोग गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने के लिए उतर रहे हैं। हालांकि, बहुत सारे लोग हादसे का शिकार भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से सामने आया है।
यहां पुढ़वा गांव के तहत न्यूगल खड्ड में नहाने गए एक 22 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई है। युवक की मौत के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ रही है।
खड्ड में नहाने गया था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, युवक पुढ़वा गांव का ही रहने वाला था। युवक गर्मी से राहत पाने के लिए खड्ड में उतरा था। मगर इसी बीच नदी में पानी का तेज बहाव हो गया। जिसमें यह युवक डूब गया।
यह भी पढ़ें: स्कूटी सवार को कार वाले ने उड़ाया- छिन गई जिंदगी
पानी के तेज बहाव में डूबा
युवक की चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत युवक को खड्ड से बाहर निकाला और इलाज के थुरल अस्पताल पहुंचाया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक की मौत डूबने के कारण हुई है।
यह भी पढ़ें: “अगर EVM से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई तो कांग्रेस के पक्ष में आएंगे परिणाम”
फिलहाल, पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
बता दें कि बीते कल जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने के कारण मौत हो गई थी। तीनों युवक पंजाब से पांवटा साबिह गुरुद्वारा में माथा टेकने के लिए आए थे। मगर इस दौरान वह यमुना नदी के किनारे नहाने चले गए और दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।