कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित जवाली पुलिस थाना के अधीन मनभरी क्षेत्र में देहर खड्ड से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राकेश कुमार, पुत्र बख्शी राम, निवासी हवाल के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार सुबह की है, जब स्थानीय लोगों ने देहर खड्ड में एक शव को तैरते हुए देखा।
मौके पर पहुंची पुलिस
बता दें कि शव को तैरता देख तुरंत स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस थाना जवाली को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद, अतिरिक्त थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें: 600 करोड़ का कर्ज लेने जा रही सुक्खू सरकार- केंद्र ने भी भेजी है एडवांस राशि
शव की स्थिति को देखकर प्रतीत होता है कि यह शव कुछ समय से पानी में था, लेकिन सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चलेगा। पुलिस ने शव को प्राथमिक चिकित्सा के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मामले में जांच जारी
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर अशोक रतन ने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है और पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। शव के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: नहीं रहे हिमाचल के ‘बिस्मिल्लाह खान’ सूरजमणी, विदेश में भी कमाया था बड़ा नाम
क्या कहते है स्थानीय लोग
वहीं, दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि खड्ड में तैरती चीज को जब पास से देखा तो पाया कि ये किसी का शव है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने पुलिस से अपील की है कि इस मामले की जांच तेजी से की जाए ताकि मृतक की मौत के कारणों का पता किया जा सके। उधर पुलिस ने भी जांच को आगे बढ़ाया है। एसपी ने कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, मृतक के परिवार को जानकारी दी जाएगी।