#हादसा
August 14, 2026
चंबा में एक और हाद....सा- मुंडन से लौटते वक्त गाड़ी की ब्रेक फेल, मासूम समेत 9 थे सवार
चौरासी मंदिर परिसर में बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आया था परिवार
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल के पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान कब कौन सा मोड़ जिंदगी का इम्तिहान बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। चंबा के भरमौर में आज सुबह एक परिवार के साथ ऐसा ही पल आया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे परिवार की वैन अचानक मुसीबत में फंस गई।
रास्ते में वाहन की ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और कुछ ही पलों में सामने बड़ा खतरा खड़ा हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और वैन में सवार सभी नौ लोगों की जान बच गई।
हादसा सुबह करीब 10 बजे लाहल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के पास हुआ। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह तहसील के सेरी गांव का एक परिवार भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी मंदिर परिसर में बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद परिवार के सदस्य मारुति वैन नंबर JK-06A-3241 से वापस लौट रहे थे।

लाहल ढांक के पास पहुंचते ही अचानक वैन की ब्रेक फेल हो गई। पहाड़ी सड़क पर इस स्थिति के बाद चालक के सामने सबसे बड़ी चुनौती वाहन को खाई की तरफ जाने से रोकने की थी।
ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने घबराने के बजाय वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की। उसने वैन को खाई की ओर जाने से रोकते हुए पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद वाहन पहाड़ी की साइड में जा टकराया और बड़ा हादसा होने से बच गया। वैन में बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें लगने की सूचना है।

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने वैन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। धार्मिक कार्यक्रम के बाद घर लौट रहा परिवार इस हादसे के बाद दहशत में आ गया, हालांकि सभी नौ लोगों की जान सुरक्षित रहने से बड़ी अनहोनी टल गई।
