#हादसा
February 11, 2026
हिमाचल: आधी रात बेकाबू पिकअप ने मचाया तांडव, कई गाड़िया रौंदी; बाइक को दूर तक घसीटा
गाड़ियों की टक्कर, घिसटती बाइक से उठती चिंगारियों से सहमे लोग
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में बीती रात को एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया। यहां मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन बेकाबू होकर सड़क पर कहर बनकर दौड़ा। राजगढ़ रोड पर सेंटरोजा बैंकट हॉल के समीप इस बेकाबू पिकअप ने वह तांडव मचाया कि सड़क पर खड़ी गाड़ियां मलबे में तब्दील हो गईं। तेज रफ्तार, जोरदार धमाका और दूर तक घिसटती बाइक की आवाज ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
दरअसल घटना सेंटरोजा बैंकट हॉल के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की गति इतनी अधिक थी कि चालक वाहन पर संतुलन नहीं रख पाया और बेकाबू पिकअप सीधे सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके शीशे चकनाचूर हो गए।
हादसा केवल टक्कर तक सीमित नहीं रहा। पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को बेरहमी से रौंद दिया। वाहनों की बॉडी बुरी तरह पिचक गई और आसपास खड़े लोगों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों से लोग घबराकर बाहर निकल आए। सड़क पर कुछ पल के लिए अफरा.तफरी का माहौल बन गया।
इस खौफनाक हादसे का सबसे डरावना दृश्य तब सामने आया जब एक मोटरसाइकिल पिकअप के नीचे फंस गई। अनियंत्रित वाहन बाइक को अपने साथ काफी दूरी तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर घिसटती बाइक से उठती आवाज और चिंगारियां देखकर लोगों की रूह कांप गई। बाद में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पिकअप के नीचे से निकाली गई।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय क्षतिग्रस्त वाहनों में या उनके आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि उस वक्त कोई राहगीर वहां से गुजर रहा होता, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने इसे बड़ी जनहानि टलने के रूप में देखा और राहत की सांस ली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी के पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। राजगढ़ रोड पर आधी रात को हुआ यह हादसा शहर में रफ्तार के खतरनाक रूप की एक और चेतावनी बनकर सामने आया है।