किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक ऑल्टो कार नदी में गिर गई है। हादसे के वक्त कार में एक ही व्यक्ति सवार था- जो कि अपने बच्चों को रामपुर छोड़कर वापस घर की ओर लौट रहा था।
नदी में गिरी कार
हादसा इतना भयंकर था कि हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं और उसमें सवार व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय पदम सिंह के रूप में हुई है- जो कि किन्नौर के पूह स्थित रुशकुलंग का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पाकिस्तान से आया फोन- हेलो मैं CBI ऑफिसर बोल रहा हूं, आपका बेटा…
बच्चों को छोड़ने गया था पिता
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार शाम निगुलसरी के पास पेश आया है। पदम सिंह अपनी गाड़ी लेकर रामपुर से अपने घर रुशकुलंग जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 4.30 बजे निगुलसरी के पास गाड़ी असंतुलित होकर NH से 300 मीटर गहरी खाई में नदी में जा गिरी।
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पदम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल- ड्यूटी से वापिस लौटी मां को ऐसी हालत में मिली बेटी, अब नहीं संभल पा रही
गाड़ी में फंस गया था शव
हादसे के बाद पदम सिंह का शव कार में फंस गया था। पुलिस टीम और रेस्क्यू दल ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत कर स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन से शव को बाहर निकाला। साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे के बारे में सूचित कर दिया।
कैसे पेश आया हादसा?
मामले की पुष्टि करते हुए SP किन्नौर अभिषेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि पदम सिंह अपने बच्चों को रामपुर छोड़ने गया था। रामपुर से गांव लौटते वक्त उसके साथ हादसा हो गया। फिलहाल, हादसे के काऱणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।