#हादसा
January 20, 2025
हिमाचल: शाम में जानी थी बारात, धू-धू कर जल उठा 52 कमरों का मकान
चंबा में शादीवाले घर में भीषण अग्निकांड, 52 कमरों का मकान जलकर स्वाहा
शेयर करें:

चंबा। घर पर शादी का माहौल हो तो रौनक ही कुछ अलग होती है। हर कोई शादी के पलों को यादगार बनाने के लिए घर में कई तरह के इंतजाम करता है। मगर कई बार ऐसा होता है कि घर पर खुशियों की धूम में चीख-पुकार मच जाती है। ऐसा कुछ हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के चुराह उपमंडल स्थित एक शादीवाले घर में हुआ है।
यहां गांव रूंडाल में शादीवाले घर में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस अग्निकांड में 52 कमरों का दो मंजिला मकान जलकर स्वाहा हो गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चुराह उपमंडल के रूंडाल गांव में एक घर में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थी। इस दौरान शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे अमूमन सिलेंडर फटने से धमाका हो गया।
इससे घर में चारों तरफ आग फैल गई। जिसे बुझाने के लिए मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। अग्निशमन विभाग के कर्मियों और ग्रामीणों ने आग को बुझाने की कड़ी मशक्कत की। मगर इसके बावजूद देखते ही देखते दो मंजिला मकान जलकर स्वाह हो गया।
शुरुआती जांच में तीन से पांच सिलेंडर फटने की सूचना मिली है। एक साथ इतने सिलेंडर फटने के कारण ही 52 कमरों का मकान जलकर राख हो गया है। अभी तक हादसे में किसी के जानी नुकसान होने की कोई खबर नहीं है। मगर इस भीषण अग्निकांड से परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार के सदस्य परसोत्तम और उनकी पत्नी दोनों ही सेवानिवतृ शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि आज शाम को घर से बारात जानी थी। इसी की चलते कुछ महिलाएं उनके घर पर तैयारियों के लिए मौजूद थीं। उन्होंने गैस चूल्हे से पाइप में आग की लपटें देखी। इससे पहले की वह कुछ समझ पाती वहां एक दम से गैस सिलेंडर फट गया और जोरदार धमाके होने लगे। वहीं, उपमंडलाधिकारी चुराह शशी पाल शर्मा ने बताया कि आग बुरी तरह से फैल गई है। आग की लपटें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अग्निशमन विभाग की टीम और ग्रामीण आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।