#हादसा
May 27, 2026
हिमाचल : तीन दिन पहले ब्यास में डूबा युवक, साथियों ने नहीं दी पुलिस को खबर- अब मिली देह
साथियों से पूछताछ कर रही पुलिस टीम
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। दाड़ला पंचायत के भलेठ क्षेत्र के भलेठ और सीहोरबल्ला गांवों को जोड़ने वाले ब्यास पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ।
शव नदी के बीच फंसा हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सुजानपुर पुलिस थाना टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे तक लाया गया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रवासी युवक के रूप में हुई- जो सुजानपुर के डोली क्षेत्र में तूड़ी की दुकान पर काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक करीब तीन दिन पहले शनिवार को अपने कुछ साथियों के साथ ब्यास नदी में नहाने गया था
इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और तेज बहाव में वह बह गया। बताया जा रहा है कि युवक के डूबने के बाद उसके साथी काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो वे वहां से चले गए।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही प्रशासन को अवगत करवाया गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर समय रहते पुलिस को सूचना दी जाती, तो रेस्क्यू अभियान पहले शुरू हो सकता था।
बीते कल मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक के साथ नदी में गए उसके साथियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटनाक्रम के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।